बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की हुई चर्चा । भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 टाउनशिप क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों की अहम बैठक सेक्टर-5 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने की। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही सभी वार्डों में बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही वार्ड अध्यक्षों और बूथ अध्यक्षों के साथ कार्यसमिति गठन की प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट वितरण जरूरी है, इसलिए पदाधिकारियों के बीच कार्य विभाजन भी शीघ्र किया जाएगा।बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे कांग्रेस संगठन के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेंगे।







