खुर्सीपार श्रीराम खेल मैदान में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं हो — सुमन शील

Spread the love

सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील ने उठाई आवाज ।

भिलाई। खुर्सीपार श्रीराम चौक के सामने स्थित श्रीराम खेल मैदान में मिट्टी के स्थान पर डस्ट, पत्थर एवं काँच के टुकड़े डाले जाने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।सुमन शील ने कहा कि यह खेल मैदान बच्चों, युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए बनाया गया है, जहां वे खेल गतिविधियों के माध्यम से अपने स्वास्थ्य और प्रतिभा का विकास कर सकें। लेकिन वर्तमान में मैदान की स्थिति ऐसी हो गई है कि यहां खेलने वाले बच्चों को चोट लगने का खतरा बना हुआ है।उन्होंने कहा कि इस मैदान के विकास कार्य में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत लगाई गई है, इसके बावजूद यदि खेल मैदान में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तो यह जांच का विषय है। सार्वजनिक धन से बने इस स्थल का सही रखरखाव और गुणवत्ता सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है।उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर मैदान में कुत्तों के प्रवेश या अन्य गतिविधियों पर 500 रुपए का अर्थदंड लगाने जैसी कार्रवाई की जाती है, लेकिन दूसरी ओर जिन बच्चों और खिलाड़ियों के लिए यह मैदान बनाया गया है, उन्हीं की सुविधा और सुरक्षा प्रभावित होना दुर्भाग्यपूर्ण है।सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मैदान में डाली गई सामग्री की जांच कराई जाए, काँच एवं नुकीले पत्थरों को तत्काल हटाया जाए, खेल योग्य मिट्टी उपलब्ध कराई जाए तथा दोषपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलने के अधिकार और उनकी सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *