श्री हनुमान चालीसा सेवा समिति ने बताया कि वह स्वयं विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण का कार्य करेगी। इस पर जोन आयुक्त ने आश्वासन दिया कि नगर निगम अभियान में पूर्ण सहभागिता निभाएगा तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

भिलाई: पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण के उद्देश्य से श्री हनुमान चालीसा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने शिवाजी नगर जोन -4 नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जोन आयुक्त ईशा लहरे को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने के लिए नगर निगम से सहयोग एवं सहभागिता का अनुरोध किया।समिति ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के तहत समिति स्वयं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, मंदिर परिसरों, शासकीय एवं सार्वजनिक उपयोग की रिक्त भूमि तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण करेगी। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई, देखरेख एवं उनके सुरक्षित विकास की जिम्मेदारी भी समिति द्वारा निभाई जाएगी।समिति के सदस्यों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नगर निगम से पौधारोपण स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं, पौधों की सुरक्षा, फेंसिंग, जल उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।जोन आयुक्त ईशा लहरे ने समिति के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए अभियान की सराहना की तथा आश्वासन दिया कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान में नगर निगम भिलाई की पूर्ण सहभागिता रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा तथा आवश्यक समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का प्रयास करेगा।श्री हनुमान चालीसा सेवा समिति ने नगर निगम द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण का व्यापक जनआंदोलन बनाया जाएगा। समिति ने शहर के सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं समिति के वरिष्ठ सदस्य सुमन शील ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता एवं नगर निगम के सहयोग से एक पेड़ माँ के नाम अभियान भिलाई में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रतिनिधि मंडल में सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील, सुभाष सिंह, रंजीत सर, राम कुमार, अरुण सिंह, अवतार सिंह, राजू गुप्ता, नरेन्द्र मोहड़, विक्की स्वैन, विकास यादव, कैलाश निषाद, रामसूरत पासवान, दया सिंह, लेखराम लिलाहरे, विवेक शुक्ला, अमित पाल, सुनील सिंह, लवलेश, आनंद राव सहित अनेकों मौजूद थे।




