समिति ने कहा कि गणेश चतुर्थी भगवान श्री गणेश के प्रति श्रद्धा, आस्था और भक्ति का पर्व है। इस अवसर पर मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच धार्मिक आयोजन संपन्न किया जाएगा तथा सभी श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
भिलाई, 13 सितंबर। भिलाई नगर कालीबाड़ी, सेक्टर-6 में 14 सितंबर 2026, सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्राण-प्रतिष्ठित भगवान श्री गणेश जी की विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रातः 10:00 बजे से विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश जी की पूजा संपन्न होगी। मंदिर के पुजारी पं. मानस मिश्रा द्वारा पूजा-अनुष्ठान कराया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान श्री गणेश जी को पुष्पांजलि अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना करेंगे। पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 1 बजे से भोग-प्रसाद का वितरण किया जाएगा। कालीबाड़ी समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से सपरिवार उपस्थित होकर पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि एवं प्रसाद वितरण में सहभागी बनने का आग्रह किया है।







