राजू गुप्ता ने नंदिनी रोड सड़क पर रखी रेत, ईंट, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने तथा भविष्य में सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की सामग्री रखने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का भी आग्रह किया है।

भिलाईनगर। शिव सेना भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता ने कहा कि नंदिनी रोड की समस्या को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त एवं जोन क्रमांक-3 के जोन आयुक्त को कई बार आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन आज तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से नंदिनी रोड स्थित पाठक सीमेंट विक्रेता के सामने सड़क पर रेत, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखे जाने तथा भारी वाहनों की पार्किंग के कारण मार्ग संकरा हो गया है। इससे प्रतिदिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।राजू गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त एवं जोन क्रमांक-3 के जोन आयुक्त से मांग की है कि पाठक सीमेंट विक्रेता के सामने सड़क पर रखी रेत, ईंट, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी व्यक्ति या व्यवसायी द्वारा रेत, ईंट, गिट्टी अथवा अन्य निर्माण सामग्री रखने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि कई बार आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो शिव सेना जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।





