श्रावण मास के पावन अवसर पर ओम धर्म सेवा जन कल्याण समिति द्वारा 24 अगस्त को 25वीं कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। शिवनाथ नदी तट से पवित्र जल लेकर श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से होते हुए दोनों शिव मंदिरों मनोकामनेश्वर शिव मंदिर एवं बटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। 25वें वर्ष में प्रवेश करेगी ओम धर्म सेवा एवं जनकल्याण समिति की कांवड़ यात्रा। बैठक में इस वर्ष दिवंगत हुए समिति के सहयोगियों को दी गई श्रद्धांजलि ।

श्रावण मास के पावन अवसर पर ओम धर्म सेवा एवं जनकल्याण समिति द्वारा लगातार 25वें वर्ष कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा पिछले 25 वर्षों से देश में सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना को लेकर शिवनाथ नदी के तट से कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। इस वर्ष की यात्रा विशेष महत्व रखती है, क्योंकि समिति की यह धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा 25वें वर्ष में प्रवेश कर रही है।कांवड़ यात्रा एवं आगामी धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, जल एवं प्रसाद व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था तथा भंडारा एवं सम्मान समारोह को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। दिवंगत सहयोगियों को भावभीनी श्रद्धांजलि ………. बैठक के दौरान इस वर्ष दिवंगत हुए समिति के सक्रिय एवं समर्पित सहयोगियों 19 वर्षीय सागर भालाघोड़े, सुरेश प्रधान एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तम पारडे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तीनों दिवंगत सदस्य समिति से लंबे समय से जुड़े रहे तथा धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहयोग करने के साथ-साथ समिति द्वारा सौंपी गई विभिन्न जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करते रहे थे। समिति के सदस्यों ने कहा कि इन तीनों के निधन से समिति ने अपने समर्पित सहयोगियों को खोया है। कांवड़ यात्रा एवं समिति के अन्य धार्मिक आयोजनों में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति एवं उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

समिति के संयोजक सुमन शील ने बताया कि सोमवार, 24 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे शिवनाथ नदी तट से कांवड़ यात्रा के लिए प्रस्थान किया जाएगा तथा प्रातः 7 बजे शिवनाथ नदी तट पर मां गंगा की पूजा अर्चना आरती करने के पश्चात मुख्य कांवड़ यात्रा प्रारंभ होगी। श्रद्धालु शिवनाथ नदी से पवित्र जल लेकर कांवड़ के साथ विभिन्न मार्गों से होते हुए पावर हाउस चौक, आटो स्टैंड, रविशंकर शुक्ल मार्केट मनोकामनेश्वर शिव मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का प्राचीन शिवलिंग में जलाभिषेक किए जाएंगे। इस वर्ष मनोकामनेश्वर शिव मंदिर, पावर हाउस चौक के साथ-साथ बटकेश्वर महादेव मंदिर, संतोषी पारा, कैंप-2 में भी धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना, जलाभिषेक एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे। समिति ने बताया कि 25 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही कांवड़ यात्रा अब भिलाई की धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। 25वें वर्ष के इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए इस वर्ष आयोजन को और व्यापक रूप दिया गया है।कांवड़ यात्रा के उपरांत बुधवार, 26 अगस्त 2026 को भंडारा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।



