दुर्ग : देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर लोकसभा स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सांसद विजय बघेल ने दुर्ग सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता ली और बताया कि “SARDAR@150 – UNITY MARCH” नामक पदयात्रा राष्ट्र की चेतना को जगाने वाला अभियान बनेगी। सांसद बघेल ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस तरह रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया, उसी भावना से यह पदयात्रा लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करेगी। हर लोकसभा क्षेत्र में तीन पदयात्राएं आयोजित होंगी, जो 8 से 10 किलोमीटर की होंगी। सांसद स्वयं भी युवाओं के साथ गांव-गांव भ्रमण करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान में MY BHARAT, NCC, NSS जैसे संगठनों के स्वयंसेवक भी भाग लेंगे। 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देश के सभी जिलों में यह पदयात्रा चलेगी। वहीं 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से लेकर स्टेच्यू ऑफ यूनिटी (केवडिया) तक 152 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा होगी। सांसद बघेल ने कहा कि यह अभियान ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संदेश लेकर युवाओं के बीच पहुंचेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में हो रहे सुधारों का भी जिक्र किया।

विजय बघेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। जीएसटी सुधार कर सरलीकरण, और आत्मनिर्भर भारत जैसे कदमों ने गरीब, किसान, महिला और मध्यम वर्ग को मजबूती दी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ इस अभियान में अहम भूमिका निभा रहा है। यहां स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा हर भारतीय गर्व से कहे मैं स्वदेशी खरीदता हूं । मैं स्वदेशी बेचता हूं। आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, विधायक ललित चंद्राकर , विधायक डोमन लाल कौर्सेवाडा, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, दुर्ग निगम महापौर अलका बाघमार, दुर्ग जिला महामंत्री विनोद अरोरा, भिलाई भाजपा महामंत्री बिजेंद्र सिंह, प्रेमलाल साहू, दुर्ग जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, नेहरू युवा खेल कल्याण विभाग जॉइंट कमिश्नर नितिन शर्मा, सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


